विशेष
मार्केट में दुकान लगाकर कपड़े बेच रही हैं सांसद की पत्नी..सांसद भी दुकान पर उनका साथ देते हैं
तिब्बत निर्वासित सरकार के सांसद छेवड़ टासी की पत्नी छिरोड़ छोटन धनबाद के ल्हासा मार्केट में स्टॉल लगा कर गर्म कपड़े बेच रही हैं। हिमाचल प्रदेश स्थित सोलन के छेवड़ टासी तिब्बत निर्वासित सरकार के विश्वभर के उन 45 संसद सदस्यों में एक हैं, जो पांच वर्षों के लिए प्रत्यक्ष चुनाव में निर्वाचित हुए थे।
इस चुनाव के लिए भारत के हिमाचल प्रदेश में 10 और दिल्ली में चार मतदान केन्द्र समेत नेपाल, भूटान, आस्ट्रेलिया, यूरोप व अमेरिका आदि देशों में मतदान केन्द्र बनाए गए थे। ल्हासा मार्केट के स्टॉल लगाने वाली छिरोड़ छोटन के अनुसार पति पत्नी हर साल ठंड के मौसम में धनबाद में गर्म कपड़ों का स्टॉल लगाते हैं। पति की दुकान पुराना बाजार स्थिति ल्हासा मार्केट में होती है जबकि वे अपनी दुकान कोर्ट मोड़ के कोहिनूर मैदान स्थित ल्हासा मार्केट में चलाती हैं। इस बार जरूरी काम से उन्हें फ्रांस जाना पड़ा। इसी कारण वे धनबाद नहीं आ पाए।
पेशे से डॉक्टर हैं पति : पत्नी छिरोड़ के अनुसार उनके सांसद पति पेशे से डॉक्टर हैं। लोगों का इलाज करते हैं। 2005 में उनकी शादी हुई थी। दो बच्चे हैं, जो धर्मशाला में रहकर पढ़ाई करते हैं। डॉक्टरी के पेशे और घर परिवार के बावजूद वे लगतार तिब्बती शरणार्थियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
पुस्तैनी काम है कपड़े बेचना : गर्म कपड़ों के अपने कारोबार के संबंध में छिरोड़ कहती हैं, ये उनका पुश्तैनी काम है। इससे न सिर्फ उन्हें पैसे मिलते हैं बल्कि इसमें उनकी कला और संस्कृति रची बसी है। इस विरासत को बचाए रखना और पूरी दुनिया को इससे अवगत कराने के लिए वे लोग हर साल गर्म कपड़ों का स्टॉल लगाते हैं।