बॉलीवुड
ये हैं ‘महाभारत’ के अहम किरदार, अब कहां हैं अर्जुन-कृष्ण और द्रौपदी, क्या कर रहे हैं भीष्म पितामह?

आज से 31 साल पहले जब ‘महाभारत’ शुरू हुआ तो शायद बीआर चोपड़ा को अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि आने वाले दिनों में यह सीरियल इतिहास रचने जा रहा है। इसके पात्र भारत के हर घर का हिस्सा बन गए। हर रविवार को प्रसारित होने वाले इस धारावाहिक में दिखाई जाने वाली घटनाओं का जिक्र लोगों की चर्चा का विषय बनने लगा। इस सीरियल का निर्देशन किया था रवि चोपड़ा ने और संवाद लिखे थे राही मासूम रजा ने। चलिए आपको मिलाते हैं महाभारत के अहम किरदारों से।
युधिष्ठिर-गजेंद्र चौहान
‘महाभारत’ में गजेंद्र चौहान ने धर्मराज युधिष्ठिर का किरदार निभाया था। एक इंटरव्यू में गजेंद्र चौहान ने बताया था कि इस किरदार ने मेरे करियर पर इतना गहरा असर डाला कि गजेंद्र चौहान की मेरी असल छवि दबकर रह गई। जहां मैं जाता लोग मुझे युधिष्ठिर नाम से बुलाने लगते। एक बार उन्होंने बताया था- एक महिला मेरे पास आई और कहा- मैं तुम्हें थप्पड़ मारना चाहती हूं। तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई द्रौपदी को दांव पर लगाने की। बता दें गजेंद्र चौहान FTII के चेयरमैन भी रह चुके हैं।
द्रौपदी- रूपा गांगुली
महाभारत में ‘द्रौपदी’ का किरदार अभिनेत्री रूपा गागुंली ने निभाया था। रूपा गागुंली 53 साल की हो चुकी हैं। रूपा गांगुली बाद में बंगाली सिनेमा का मशहूर चेहरा रहीं। 1986 में उन्होंने दूरदर्शन के टीवी सीरियल गणदेवता से हिन्दी करियर की शुरुआत की। रूपा 2015 में बीजेपी में शामिल हुईं। इस वक्त वह संसद की उच्च सदन में सांसद हैं।
दुर्योधन- पुनीत इस्सर
पुनीत इस्सर ने महाभारत में दुर्योधन की किरदार निभाया था। उस वक्त तक पुनीत देश भर में विलेन के तौर पर मशहूर हो चुके थे क्योंकि पुनीत के घूसे की वजह से अमिताभ बच्चन को कई महीने अस्पताल में गुजारने पड़े थे। उन्होंने कई फिल्मों में काम किया है लेकिन महाभारत जैसी लोकप्रियता उन्हें कभी नहीं मिली।
कृष्ण- नितीश भारद्वाज
बीआर चोपड़ा की महाभारत में लंबे समय तक भगवान कृष्ण का किरदार नितीश भारद्वाज ने निभाया। नीतीश भारद्वाज आज करीब 30 साल के बाद भी लोगों को याद हैं। उस वक्त के कैलेंडर की तस्वीर में भी भगवान कृष्ण की तस्वीर की जगह नीतीश ही नजर आते थे। नीतीश कई फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। नीतीश, आशुतोष गोवारिकर की 2016 में आई फिल्म ‘मोहेनजोदारो’ में नजर आए थे।
भीष्म पितामह- मुकेश खन्ना
मुकेश खन्ना को लोग शक्तिमान के रूप में भी जानते हैं लेकिन शक्तिमान के अलावा उन्होंने बीआर चोपड़ा की महाभारत में भीष्म पितामह का किरदार निभाया। मुकेश खन्ना FTII के चेयरमैन भी रह चुके हैं। और आजकल जयपुर और आगरा में एक्टिंग स्कूल चलाते हैं।
गंधारी- रेनुका इसरानी
गंधारी का किरदार निभा रेनुका ने भी काफी लोकप्रियता बटोरी। कई फिल्मों, सीरियलों का हिस्सा रहीं रेनुका ने बाद में बड़े अच्छे लगते हैं सीरियल में साक्षी तंवर की मां का किरदार निभाया। रेनुका अब भी एक्टिंग में एक्टिव हैं।
कर्ण- पंकज धीर
पंकज धीर तमाम टीवी शो और फिल्मों में अलग अलग किरदार निभाते रहे, पर कर्ण जैसी सफलता उन्हें कभी नहीं मिली। पंकज धीर के बेटे निकेतन धीर भी फिल्म इंडस्ट्री में हैं।
अर्जुन- फिरोज खान
महाभारत में फिरोज खान ने अर्जुन का किरदार निभाया था। फिरोज खान ने 1990 के दशक में तमाम यादगार किरदार निभाए। उन्होंने देओल फैमिली के साथ यमला पगला दीवाना 2 में भी काम किया।